Home उत्तर प्रदेश सऊदी अरब में युवक की अचानक मौत, पैतृक गांव पहुंचा शव तो...

सऊदी अरब में युवक की अचानक मौत, पैतृक गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

टिकरी गांव में जुमा की नमाज़ के बाद हुई मिट्टी
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के टिकरी मजरे बैगांव निवासी करीब 40 वर्षीय सलाउद्दीन पुत्र बाबुल खान की सऊदी अरब में अचानक मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर उनका शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बाद में जुमे की नमाज के बाद उन्हें गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सलाउद्दीन परिवार के भरण-पोषण के लिए सऊदी अरब में रहकर नौकरी करते थे और वहां एक मॉल में काम करते थे। बीते, 5 अगस्त को काम के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह गिर पड़े। साथ काम कर रहे लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सलाउद्दीन की मौत की सूचना सऊदी अरब स्थित कंपनी की ओर से उनके परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कराई। कई दिनों की प्रक्रिया के बाद शुक्रवार दोपहर उनका शव गांव पहुंचा। परिजनों के मुताबिक सलाउद्दीन परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं कमाने वाले सदस्य की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। माहौल गमगीन हो गया और परिजनों की चीख-पुकार से हर किसी की आंखें नम हो गईं। जुमे की नमाज के बाद सलाउद्दीन को पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।