Home उत्तर प्रदेश तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के स्वर, बच्चों ने ग्रामीणों में जगाई...

तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के स्वर, बच्चों ने ग्रामीणों में जगाई राष्ट्रभक्ति की अलख

KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बुधवार को शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। हाथों में तिरंगा लेकर कतारबद्ध बच्चे गांव की गलियों में निकले तो पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। बच्चों ने जोशीले नारों के साथ ग्रामीणों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों ने “घर-घर तिरंगा फहराएगा, हमें आजादी की याद दिलाएगा”, “भारत की है शान तिरंगा, भारत की है पहचान तिरंगा”, “तीन रंग का प्यारा झंडा, हर घर में लहराए तिरंगा” जैसे देशभक्ति के नारों से ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। “लहरा दो, लहरा दो, तिरंगा लहरा दो, देश की शान का परचम लहरा दो” व  “हम हैं देश की संतान, तीन रंगों से रंगा तिरंगा अपनी है पहचान” जैसे नारों से बच्चों ने लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। बच्चों के जोशीले नारों और हाथों में लहराते तिरंगे ने सभी का दिल जीत लिया। यात्रा के दौरान शिक्षा मित्र बीरेंद्र कुमार ने प्रसिद्ध कवि श्यामलाल गुप्त ‘पार्षद’ के झंडा गीत “झंडा ऊंचा रहे हमारा” व “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” गीत बच्चों के साथ मिलकर प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों की गूंज से विद्यालय और गांव का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। बच्चों और ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ गीतों में सहभागिता की। विद्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान शिक्षकों ने ग्रामीणों को तिरंगे के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय पर्व के महत्व की जानकारी दी। प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। तिरंगा यात्रा में ग्राम प्रधान शिवप्रताप सिंह, प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू, सहायक अध्यापिका रिया सेठी, शिक्षा मित्र बीरेंद्र कुमार, संध्या देवी पटेल, प्रशिक्षु अंजली देवी व वालंटियर रोहिणी देवी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। ग्रामीणों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए हर घर तिरंगा अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया।