Home उत्तर प्रदेश हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर पालिका ने निकाली भव्य तिरंगा...

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर पालिका ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद, मीरजापुर की ओर से नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने किया। यात्रा में विभिन्न वार्डों के सभासदगण, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान नगरवासियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया गया। लोगों से राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी और गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराना देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाएं तथा अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। तिरंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से नगर का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। इस अवसर पर ईओ जी. लाल, नगर अध्यक्ष डॉली अग्रहरि सहित विभिन्न वार्डों के सभासदगण, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।