महिला-बच्चों समेत सभी घायल जिला अस्पताल पहुंचे; चार की हालत गंभीर, एसआरएन रेफर
KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के मलाक भायल गांव के नजदीक प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार शिव शरन पुत्र रज्जु 24 वर्ष की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि महिला और बच्चों समेत करीब 24 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा। बताया गया कि पिकअप में सवार सभी लोग पिपरी थाना क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव के रहने वाले हैं। सभी लोग शीतला धाम में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। कोखराज कसिया के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार करीब 24 लोग घायल हो गए। कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव, कोखराज इंस्पेक्टर संतोष शर्मा सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे और सड़क पर घायल पड़े लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पिकअप सवार ये हुए घायल
चायल तहसील क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र स्व कृष्णा प्रसाद 37 वर्ष , रंजीत कुमार पुत्र सरजू प्रसाद 32 वर्ष , सिमरन पत्नी लाल चंद्र 28 वर्ष , सुधीर पुत्र लाल चंद्र 3 वर्ष , सूचित पुत्र लाल चंद्र तीन माह , नीता पत्नी भैरो प्रसाद 35 वर्ष , सनम पुत्र भैरो प्रसाद 10 वर्ष , पल्लवी पुत्री मनोज 4 वर्ष , काजल पुत्र राजेंद्र तीन वर्ष , फूल कुमारी पत्नी किशोरी 50 वर्ष , अंशु पत्नी कमलेश 12 वर्ष , सुधनी पुत्री सुभाष 19 वर्ष , अंजली पुत्री सितई लाल 46 वर्ष , खलनायक पुत्र बेनी प्रसाद 55 वर्ष , लाल चंद्र पुत्र गोकुल 27 वर्ष , दीपक पुत्र पंछी 17 वर्ष , सुमित कुमार पुत्र रंजीत 49 वर्ष , हर्षराज पुत्र रामदेव 36 वर्ष , अमित पुत्र काशी प्रसाद 15 वर्ष , अमन यादव पुत्र शिव करन 18 वर्ष , अनीस यादव पुत्र शिव शरन 17 वर्ष , आदित्य पुत्र मनोज 7 वर्ष , बच्ची 12 वर्ष , सुभाष पुत्र हुबलाल 40 वर्ष , मनोज 32 वर्ष , दादी 55 वर्ष , सुनैना पुत्री सुभाष 11 वर्ष चोटिल हो गए जिनका इलाज चल रहा है।









