Gen-Z पर फोकस, सत्ता पर नजर… ‘मिशन यूपी’ पर निकले राहुल गांधी, साल 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अभी से ही तैयारियों में जुट गए हैं. राहुल गांधी शनिवार शाम प्रयागराज के KP इंटर कॉलेज ग्राउंड में छात्रों और युवाओं को संबोधित करने वाले हैं.
प्रयागराज। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार, 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से वह छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहा अनुमति विवाद भी समाप्त हो गया है और आयोजन के लिए केपी ग्राउंड की अनुमति बहाल कर दी गई है।
कांग्रेस के इस कार्यक्रम में शिक्षा, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में देरी और युवाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाने की संभावना है। कांग्रेस की ओर से बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के कार्यक्रम में शामिल होने का दावा किया गया है। पार्टी के अनुसार डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है।
अनुमति को लेकर रहा विवाद
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए केपी ग्राउंड की अनुमति पहले वापस लिए जाने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। केपी ट्रस्ट की ओर से शैक्षणिक गतिविधियों और न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए अनुमति वापस लेने की बात सामने आई थी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में अनुमति बहाल कर दी गई और 8 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित किए जाने का रास्ता साफ हो गया।
युवाओं के मुद्दों पर राहुल गांधी का फोकस
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में बेरोजगारी, परीक्षा व्यवस्था, भर्ती और शिक्षा से जुड़े सवालों को प्रमुखता दी जा रही है। राहुल गांधी का यह कार्यक्रम युवाओं के बीच कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
प्रयागराज में बढ़ी राजनीतिक हलचल
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना के बीच शहर में राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हुई है।







