Home इटावा विश्व स्तनपान सप्ताह पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया मेगा शिविर

विश्व स्तनपान सप्ताह पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया मेगा शिविर

ETAWA NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष  रजत सिंह जैन एवं पूर्ण कालिक सचिव आरती द्विवेदी के आदेशानुसार शुक्रवार को विश्व स्तनपान सप्ताह विषय पर जिला अस्पताल एवं मेडिकल यूनिट केयर केंद्र पर मेगा शिविर लगाए गए। जिला अस्पताल के जच्चा बच्चा वार्ड में लगाए गए जागरूकता शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए डालसा की पूर्ण कालिक सचिव  आरती द्विवेदी ने उपस्थित जच्चाओं को स्तनपान के प्रभाव, महत्व और फायदों की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे के जन्म लेते ही और कम से कम छह माह तक जच्चा मां को अपना स्तनपान बच्चे को ज़रूर कराना चाहिए, जो बच्चे के सम्पूर्ण स्वास्थ्य और विशेष रूप से उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसके अलावा स्तनपान कराना प्रसूता महिला के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।उन्होंने जच्चा बच्चा वार्ड में भर्ती प्रसूता महिलाओं को फल वितरित किए। शिविर में सीएमएस महिला डा. अनिल कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इससे पूर्व वरिष्ठ अधिकार मित्र सुभाष चंद्र यादव ने मुख्य अतिथि का बुके और प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। शिविर में तहसील सदर क्षेत्र के अधिकार मित्र ब्रजेश सिंह, संतोष कुमार त्रिवेदी, डॉ. ज्योति वर्मा, सुधीर मिश्र, मनीष कुमार, गायत्री, अर्चना समेत समस्त पीएलवीज उपस्थित रहे।