KAUSHAMBI NEWS: नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को चंद्रशेखर सिंह आयुर्वेदिक संस्थान, कोइलहा में छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया। संस्थान के प्राचार्य प्रो. (डा.) विनोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया। प्राचार्य ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम में उप-प्राचार्य प्रो. (डा.) प्रभात कुमार तिवारी व डा. अमित सिंह ने भी अपने विचार रखे। रैली का आयोजन नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डा. अतुल कुमार पांडेय के निर्देशन में किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं व समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना व स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान प्रो. (डा.) शिल्पा कांत द्विवेदी, डा. अल्का गुप्ता, डा. अजीत सिंह, डा. अनिल कुमार, डा. संदीप शाह जुरेशिया, राजकरन सिंह सहित संस्थान के शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





