FATEHPUR NEWS: हथगांव थाना क्षेत्र के दो युवकों की ऊंचाहार से दवा लेकर लौटते समय हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार हथगांव थाना क्षेत्र निवासी उत्तम सिंह (करीब 28 वर्ष) पुत्र पप्पू सिंह अपने साथी रवि यादव, निवासी काशी का पुरवा, के साथ बाइक से दवा लेने ऊंचाहार गए थे। दवा लेकर वापस लौटते समय उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उत्तम सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रवि यादव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर उत्तम सिंह के पिता पप्पू सिंह सहित परिजन और समाजसेवी इश्तियाक सेठ, हारिस, शादाब एवं अब्दुल्ला ऊंचाहार के लिए रवाना हो गए। एक साथ दो युवकों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।







