Home उत्तर प्रदेश निक्षय मित्रों ने 63 टीबी मरीजों को वितरित की पोषण पोटली, सीएमओ...

निक्षय मित्रों ने 63 टीबी मरीजों को वितरित की पोषण पोटली, सीएमओ ने किया सम्मानित

FATEHPUR NEWS: अचल प्रशिक्षण केंद्र फतेहपुर में शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में निक्षय मित्रों द्वारा 63 क्षय रोग (टीबी) मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग करने वाले निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में भारतीय दोसर वैश्य महासमिति फतेहपुर के अध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता, डॉ. रचना सक्सेना, शिवा हॉस्पिटल के मैनेजर बबलू मौर्य तथा डॉ. राजीव चौधरी (अमाया क्लीनिक) सहित अन्य निक्षय मित्रों ने टीबी मरीजों को पोषण पोटलियां प्रदान कीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह ने निक्षय मित्रों के सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही टीबी उन्मूलन अभियान को गति मिलेगी और मरीजों को बेहतर पोषण एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक लोगों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को शीघ्र हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर भारतीय दोसर वैश्य महासमिति की महिला अध्यक्ष कविता गुप्ता, सीमा गुप्ता, नम्रता गुप्ता, साजन कुमार गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, मनीष कुमार गुप्ता, सुशील गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, आनंद गुप्ता, अमित गुप्ता, मो. फैज सिद्दीकी, अवधेश कुमार, प्रशांत नारायण, हसीब अहमद, भक्तदास सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।