Home उत्तर प्रदेश पुलिस ने अवैध स्लीपर बस स्टैंड के खिलाफ चलाया अभियान,एजेंट मौके से...

पुलिस ने अवैध स्लीपर बस स्टैंड के खिलाफ चलाया अभियान,एजेंट मौके से फरार

AURAIYA NEWS: बेला थाना पुलिस ने मुख्य चौराहे पर स्लीपर बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बुधवार शाम अवैध स्लीपर बस स्टैंड के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से टिकट बुकिंग के लिए लगाए गए बोर्ड और मेजों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। पुलिस द्वारा कार्रवाई की भनक लगते ही टिकट काटने वाले एजेंट मौके से फरार हो गए। वहीं, कई स्लीपर बसों ने भी कार्रवाई के दौरान बेला चौराहे तक आने के बजाय पहले ही यात्रियों को उतारना शुरू कर दिया। इस अभियान से अवैध बस स्टैंड संचालकों में हड़कंप मच गया। इस दौरान एक स्लीपर बस का 18 हजार का चालान किया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने किया। उनके साथ कस्बा इंचार्ज ब्रज भूषण तिवारी, आरक्षी विशाल तंवर एवं अंकुश मौजूद रहे। हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात पुलिस टीम के हटने के बाद कुछ स्लीपर बसों का संचालन फिर से शुरू हो गया। थाना प्रभारी  ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि बेला चौराहे पर किसी भी तरह का अवैध बस स्टैंड संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अवैध संचालन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।