Home उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 फ्लोर मिलों का किया निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 फ्लोर मिलों का किया निरीक्षण

आटे के 5 नमूने जांच के लिए भेजे गए
FATEHPUR NEWS: जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी फतेहपुर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में जिले की फ्लोर मिलों का औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने जिले की कुल 9 फ्लोर मिलों का निरीक्षण कर वहां स्वच्छता, उत्पादन प्रक्रिया एवं गुणवत्ता संबंधी मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मलवां इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मारूफ इंटरप्राइजेज (आदित्य फ्लोर मिल) से आटे का एक नमूना तथा फतेहपुर स्थित शक्तिमान फ्लोर मिल एवं शिव शक्ति फ्लोर मिल से एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर अन्य नमूने भी लिए गए। कुल 5 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फ्लोर मिल संचालकों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए। विभाग के अनुसार जांच के दौरान आटे में सैलखड़ी या सफेद पत्थर के पाउडर जैसी किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं पाई गई, जो उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चन्द्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह एवं देवेश मिश्रा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।