FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को खागा विधानसभा क्षेत्र के धाता और विजयीपुर मंडल में आत्मनिर्भर मंडल बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव शामिल हुए और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए नियमित मंडल बैठकों की आवश्यकता पर बल दिया। धाता मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी ढंग से बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए मंडल की नियमित बैठकें बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम तथा संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा को पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता समर्पण भाव से संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाते हुए भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करें। जिला मीडिया प्रभारी एवं धाता मंडल प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के बीच मंडल बैठकों का आयोजन किया जाता है। इन बैठकों में पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाती है। धाता मंडल की बैठक में विमलेश पांडेय, रामनरायन शुक्ला, विवेक सिंह, गुलजारी लाल सिंह, महेंद्र सिंह पटेल, जितेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह कछवाह, हिमांशु त्रिपाठी, उत्कर्ष जायसवाल और राकेश द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विजयीपुर मंडल की बैठक में प्रीति सिंह, अनिल त्रिपाठी, विक्रम निषाद सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी एवं पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठकों में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।







