Home उत्तर प्रदेश रामगढ़-बिधूना मार्ग झाड़ियों से घिरा  दुर्घटना की बनी रहती आशंका

रामगढ़-बिधूना मार्ग झाड़ियों से घिरा  दुर्घटना की बनी रहती आशंका

भसोरा के पास पुराहा नदी पुल के निकट दृश्यता प्रभावित, ग्रामीणों ने कटाई की उठाई मांग
AURAIYA NEWS: बिधूना मार्ग पर भसोरा गांव के पास पुराहा नदी पुल के निकट सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों से वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। झाड़ियों के कारण मोड़ों पर दृश्यता कम हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द झाड़ियों की कटाई कराने की मांग की है। बारिश के बाद सड़क के दोनों ओर झाड़ियां तेजी से बढ़ गई हैं। इससे मार्ग की वास्तविक चौड़ाई प्रभावित है और सामने से आने वाले वाहनों का समय रहते अनुमान लगाना कठिन हो जाता है। खासकर सुबह और शाम के समय दृश्यता और अधिक प्रभावित रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मोड़ों पर वाहन अचानक आमने-सामने आ जाते हैं, जिससे हादसे होते-होते बचते हैं। वहीं, घनी झाड़ियों में जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल अभियान चलाकर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराने तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।