लेखपाल पर गलत रिपोर्ट भेजने का आरोप, एसडीएम से दोबारा जांच की लगाई गुहार
AURAIYA NEWS: कंचौसी क्षेत्र के दोही ग्राम पंचायत के भग्गा पुरवा गांव में सरकारी तालाब से अवैध कब्जा नहीं हटने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और पैमाइश के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने समाधान दिवस में सदर एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तालाब को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार तालाब की सरकारी भूमि पर नाद, भूसे के कूप, पक्के निर्माण और अन्य अतिक्रमण किए गए हैं। कब्जा हटाने के लिए कई बार पैमाइश भी कराई गई, लेकिन आज तक स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। आरोप है कि लेखपाल ने अधिकारियों को कब्जा हटाए जाने की रिपोर्ट भी भेज दी, जबकि मौके पर अब भी अतिक्रमण बरकरार है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब पर कब्जे के कारण उसका अस्तित्व खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सरकारी तालाब को कब्जामुक्त कर उसका जीर्णोद्धार कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता अंकित कुमार, शेर सिंह, अरविंद सिंह, रूप सिंह, रमाकांत, रामशंकर, रामसजीवन और मोहर सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।







