KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना के साथ मंगलवार को तहसील बिंदकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेरिला सिजौली स्थित प्राचीन पासी बाबा मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, भौतिक प्रगति एवं वित्तीय स्वीकृति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि निर्माण सामग्री की जांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर द्वारा कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मलवा विकास खंड के महरहा गांव स्थित गौ–आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संरक्षित गौवंशों के लिए हरे चारे, भूसा, दाना एवं चोकर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विजिटिंग रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि गौवंशों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराई जाए तथा सभी पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण समय से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए गौवंशों को भीगने से बचाने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गौशाला में हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र की पशुचर भूमि को गौ–आश्रय स्थल से संबद्ध किया जाए, जिससे गौशाला के संसाधनों से ही हरे चारे की बुआई कराई जा सके और गौवंशों के लिए नियमित चारे की व्यवस्था बनी रहे। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







