FATEHPUR NEWS: चहल्लुम पर्व के अवसर पर जनपद में निकाले जा रहे जुलूसों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। थाना कोतवाली क्षेत्र में निकाले जा रहे विभिन्न चहल्लुम जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों की ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। ड्रोन से जुलूस मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस द्वारा जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध भी किए गए हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि चहल्लुम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।







