Home उत्तर प्रदेश पानी की समस्या को लेकर वार्ड के सैकड़ों लोगों ने घेरा नगर...

पानी की समस्या को लेकर वार्ड के सैकड़ों लोगों ने घेरा नगर पंचायत कार्यालय

समाधान न होने पर सभासद अजीत रैना ने दी जल त्यागने की चेतावनी
KAUSHAMBI NEWS: नगर पंचायत पूरब पश्चिमशरीरा के मां झारखंडी नगर वार्ड में पेयजल संकट को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार को वार्ड के सैकड़ों लोग एकत्र होकर सभासद की अगुवाई में नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए और वहां घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। वार्ड के साजन सोनकर,गुड्डू गौतम,आशीष पाण्डेय,अमन हेला,वासुदेव सोनकर, केवली देवी सहित सैकड़ों लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। वार्ड के सभासद अजीत रैना ने बताया कि बीते एक महीने में जलस्तर घटने के कारण अधिकतर हैंडपंप पानी छोड़ दिए,इसके कारण पानी की समस्या बहुत बढ़ गई हैं,पानी की समस्या को दूर करने के लिए रोजाना ईओ और सुपरवाइजर को वार्ड के सभी मोहल्लों में पानी का टैंकर भेजने के लिए कहा जाता है लेकिन कुछ जगह भेजकर टैंकर को नगर में हो रहे नाली,आरसीसी निर्माण कार्य में भेज दिया जाता है। इसकी जीपीएस फोटो भी मौजूद है।  उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह मजबूर होकर जल त्यागने जैसे कठोर कदम उठाने को विवश होंगे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पानी की समस्या होने के कारण दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ईओ अंशुमान सिंह ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया और लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।