राधानगर थाने में हुई वार्ता, नहीं बन सकी सहमति
FATEHPUR NEWS: जनपद में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच बधाई देने के क्षेत्रों को लेकर विवाद सामने आया है। सोमवार को किन्नर समाज के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल बाई और दूसरे गुट की प्रतिनिधि श्रेया के बीच राधानगर थाने में पुलिस की मौजूदगी में वार्ता हुई, लेकिन दोनों पक्ष किसी अंतिम सहमति पर नहीं पहुंच सके। वार्ता के दौरान इकबाल बाई ने बताया कि फतेहपुर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उनके शिष्य वर्षों से पारंपरिक रूप से बधाई देने का कार्य करते आ रहे हैं। उनका कहना था कि श्रेया गुट के लोग पहले उनके पास आए थे, जिसके बाद उन्हें नरैनी क्षेत्र में कार्य करने की अनुमति दी गई थी। आरोप लगाया कि इसके बावजूद अब वे राधानगर क्षेत्र में भी बधाई देने पहुंच रहे हैं, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों से आपसी सहमति से विवाद सुलझाने और जो भी निर्णय हो उसे लिखित रूप में थाने में उपलब्ध कराने की बात कही, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। वार्ता के दौरान श्रेया गुट की ओर से रेलवे क्रॉसिंग के इस पार के क्षेत्र में भी बधाई देने की अनुमति मांगी गई। इस पर इकबाल बाई ने असहमति जताते हुए कहा कि शहर क्षेत्र में उनके शिष्य कार्य करते हैं और इसमें किसी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चुरियानी के पास से गुजरने वाली ससुर खदेरी नदी के उस पार का क्षेत्र श्रेया गुट के लिए उपयुक्त है, जबकि शहर की ओर का क्षेत्र उनके शिष्यों के पास रहेगा। वहीं मीडिया से बातचीत में इकबाल बाई ने यह भी कहा कि कुछ लोग किन्नर का वेश धारण कर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से धन मांगते हैं, जबकि वे वास्तविक किन्नर समाज से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर पुलिस को जानकारी दी जाएगी, ताकि किन्नर समाज की छवि प्रभावित न हो। इकबाल बाई ने राधानगर थाना पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच अंतिम सहमति नहीं बन सकी थी। पुलिस ने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की सलाह दी है।







