Home उत्तर प्रदेश 50 हजार रिश्वत लेते मनरेगा ऑपरेटर गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई...

50 हजार रिश्वत लेते मनरेगा ऑपरेटर गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से ब्लॉक में मचा हड़कंप

FATEHPUR NEWS: प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को हथगांव विकास खंड मुख्यालय में तैनात संविदा कर्मी एवं मनरेगा ऑपरेटर हफ़ीज़ुर्रहमान को कथित तौर पर 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम के सदस्य सिविल ड्रेस में करीब एक घंटे पहले ही ब्लॉक परिसर पहुंच गए थे और पूरी गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे। आरोप है कि सुरजीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान संतोष कुमार यादव विकास कार्यों के भुगतान के संबंध में ऑपरेटर को 50 हजार देने पहुंचे। पूर्व निर्धारित योजना के तहत रुपये देने के बाद उन्होंने बाहर निकलकर टीम को संकेत दिया, जिसके बाद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हफ़ीज़ुर्रहमान को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 हजार नकद बरामद किए गए। इसके बाद टीम उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। ग्राम प्रधान संतोष कुमार यादव का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित था। भुगतान जारी कराने के एवज में मनरेगा ऑपरेटर द्वारा 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत दो दिन पहले एंटी करप्शन संगठन से की गई थी, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाकर कार्रवाई की गई। वहीं कार्रवाई के दौरान एडीओ पंचायत डॉ. अनुपम शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनभावन शास्त्री सहित कई लोग मौके पर मौजूद रहे। वहीं, खंड विकास अधिकारी राहुल मिश्रा उस समय ब्लॉक मुख्यालय में मौजूद नहीं थे। घटना के बाद पूरे ब्लॉक परिसर में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। हालांकि, मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एंटी करप्शन टीम मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।