Home उत्तर प्रदेश खुलासा: प्लॉट और पैसों के विवाद में युवक की हत्या, पांच आरोपी...

खुलासा: प्लॉट और पैसों के विवाद में युवक की हत्या, पांच आरोपी हुए गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने महज़ 72 घंटे में किया खुलासा

दो तमंचे, कारतूस, दो बाइक, मोबाइल व नकदी बरामद, एक आरोपी फरार
FATEHPUR NEWS: कोतवाली नगर पुलिस ने बकंधा-भैरमपुर मार्ग पर मिले युवक के शव के मामले का 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हत्या की साजिश में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा 1310 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने रविवार को बताया कि 29 जुलाई को कोतवाली नगर क्षेत्र के बकंधा भट्ठा – भैरमपुर मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद 30 जुलाई को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि हत्या सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई थी तथा घटना के साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया। इसके आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को बकंधा ईंट भट्ठा के पास से शिवा लोधी पुत्र अरविन्द कुमार, ईशू लोधी पुत्र स्वर्गीय राजाराम उर्फ़ रामकुमार उर्फ़ कुंवारे, अनिल कुमार पुत्र हरिओम, मीना पत्नी अनिल कुमार, समस्त निवासीगण – नासिरपीर और श्यामा पत्नि स्वर्गीय जितेन्द्र लोधी निवासी – चित्रांश नगर, थाना – कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले का आरोपी अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक लक्ष्मी उर्फ रामप्रकाश लगातार रुपये, प्लॉट और अन्य आर्थिक लेन-देन को लेकर दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर अनिल कुमार, उसकी पत्नी मीना, श्यामा और अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार ने उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 29 जुलाई को श्यामा ने मृतक को घर से नीचे बुलाया। इसके बाद शिवा और ईशू उसे मोटरसाइकिल से बकंधा-भैरमपुर मार्ग स्थित सूनसान स्थान पर ले गए। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर शिवा ने अवैध तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (315 बोर), एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे एवं बुलेट मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा 1310 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार और उसकी पत्नी मीना के विरुद्ध वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हेमंत मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यदेव गौतम, उपनिरीक्षक राजकमल यादव, विधान सोनकर, प्रमेश तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।