जनता की आस, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर होना चाहिए जनपद का विकास
सदन में फतेहपुर की गूंज होगी कितनी? जनता चाहती है— वाद-विवाद नहीं, विकास पर हो जोर
FATEHPUR NEWS: (शीबू खान) उत्तर प्रदेश विधानमंडल का चार दिवसीय मानसून सत्र आज से शुरू होकर 6 अगस्त तक यानी सिर्फ 4 दिन चलेगा। इस दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी और वित्तीय कार्य सदन में रखेगी। सरकार द्वारा अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयकों और सरकारी प्रस्तावों पर चर्चा होने के साथ-साथ प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी सदन में उठ सकते हैं।
फतेहपुर जनपद से विधानसभा के सभी छह विधायक इस सत्र में हिस्सा लेंगे। इनमें जहानाबाद से भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, बिंदकी से अपना दल (सोनेलाल) विधायक जय कुमार सिंह ‘जैकी’, फतेहपुर सदर से सपा विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, अयाह शाह से भाजपा विधायक विकास गुप्ता, हुसैनगंज से सपा विधायक उषा मौर्य तथा खागा (आरक्षित) से भाजपा विधायक एवं राज्य मंत्री कृष्णा पासवान शामिल हैं। मानसून सत्र में विपक्ष जनहित और समसामयिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि उत्तर प्रदेश जैसे 25 करोड़ आबादी वाले राज्य की समस्याओं पर चर्चा के लिए चार दिन का सत्र पर्याप्त नहीं है। पार्टी का आरोप है कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा से बचना चाहती है। वहीं, सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि विपक्ष अपने सभी मुद्दे सदन में रखे, सरकार उनका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि चर्चा सार्थक हो और सदन का समय जनहित में उपयोग हो, यही सरकार की अपेक्षा है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि विपक्ष विभिन्न जनहित के मुद्दों के साथ कई चर्चित मामलों को भी सदन में उठा सकता है। वहीं फतेहपुर जनपद के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज प्रकरण को लेकर जिले के समाजवादी पार्टी के विधायक भी सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर सकते हैं। इधर, फतेहपुर के नागरिकों को भी अपने जनप्रतिनिधियों से काफी उम्मीदें हैं। जिले के लोगों का कहना है कि विधायक दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सदन में रखें तथा बिना किसी भेदभाव के जनपद के समग्र विकास के लिए आवाज उठाएं। इस संबंध में विधायकों से दूरभाष के जरिये बात करने का प्रयास किया गया और जानना चाहा गया कि विधानसभा सत्र में कौन विधायक अपनी विधानसभा के लिए किस महत्वपूर्ण योनाओं या विकास कार्यों की मांग राखी गयी है या प्रस्तावित की गयी है। हांलाकि खबर लिखे जाने तक जिले के सभी विधायकों को उनके मोबाईल नंबर पर संपर्क किया गया लेकिन कुछ से बात हो सकी और कुछ का फ़ोन नहीं उठा। मोबाईल पर जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता और हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य से बात हुई जिस पर उन्होंने अपनी मांग आदि का उल्लेख किया जबकि बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह “जैकी”, फतेहपुर सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी और खागा विधायक एवं राज्य मंत्री कृष्णा पासवान का मोबाईल फ़ोन नहीं उठा जिससे इनसे बात नहीं हो सकी।
क्या बोले विधायकगण:
क्षेत्र की महत्वपूर्ण समस्याओं को सदन में उठाने का पूरा प्रयास करेंगे इसके अलावा प्रमुख रूप से पूर्व में उठायी गयी फायर ब्रिगेड की मांग की आवाज प्रमुखता से उठाउंगी। इसके साथ ही क्षेत्र की वो बड़ी सड़क जिनका निर्माण अपनी निधि से करा पाना संभव नहीं होगा उनकी मांग भी सदन के माध्यम से करुँगी तथा पूर्व में कई मांगें जो अब तक पूरी नहीं हुई हैं उनको भी मजबूती से सदन में उठाने का काम करुँगी। क्षेत्र का विकास मेरे लिए सर्वप्रथम है: ऊषा मौर्य, विधायक -हुसैनगंज
क्षेत्र के विकास के लिए करीब 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। अब इन प्रस्तावों की स्वीकृति के लिए लगातार पैरवी की जाएगी, ताकि मंजूरी मिलते ही भूमि पूजन और शिलान्यास कराकर विकास कार्य शुरू कराए जा सकें। विधानसभा सत्र में बजट पारित होने के बाद विधानसभावार वित्तीय स्वीकृतियां जारी होंगी। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि क्षेत्र की कौन-कौन सी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। वैसे क्षेत्र के लिए सड़कों के चौड़ीकरण, क्षेत्र में आने वाली नदियों पर पल निर्माण, आवासीय विद्यालय तथा ग्रामीण स्टेडियम जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। उम्मीद है कि बजट स्वीकृत होने के बाद विकास कार्यों को गति मिलेगी और जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। – राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक:जहानाबाद
क्षेत्र के विकास के लिए हमारी दो प्रमुख मांगें प्राथमिकता पर हैं। पहली, क्षेत्र में नई तहसील की स्थापना और दूसरी, इंडस्ट्रियल एरिया (औद्योगिक क्षेत्र) की स्वीकृति। नई तहसील की मांग पहले भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जा चुकी है और विधानसभा सत्र के दौरान भी इसे प्रमुखता से उठाया जाएगा। फिलहाल प्राथमिकता पर यही दोनों विषय हैं और इन्हें स्वीकृति दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उम्मीद है कि सरकार इन दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे क्षेत्र के विकास और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र में अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए भी सदन में प्रयासरत रहूंगा:विकास गुप्ता, विधायक अयाह शाह।







