SANGRAMGARH NEWS: थाना क्षेत्र के ग्राम बिजलीपुर वनगढ़वा में पड़ोसी के घर जाने से रोकने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस विवाद में महिलाओं के साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता कमला देवी, पत्नी श्रीप्रकाश सरोज, ने संग्रामगढ़ पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया कि शनिवार (2 अगस्त) सुबह करीब 8:30 बजे उन्होंने अपने रिश्तेदार (जीजा) को पड़ोसी के घर जाने से मना किया। इसी बात से नाराज होकर पड़ोसी सुरेश कुमार सरोज, सुधीर कुमार, संदीप कुमार एवं रवि ने कथित रूप से घर में घुसकर कमला देवी तथा उनकी बहन अर्चना सरोज के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। पीड़िताओं का आरोप है कि विपक्षियों ने मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल अवस्था में दोनों बहनों ने संग्रामगढ़ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







