BALRAMPUR NEWS: कमाल खान बलरामपुर में शुक्रवार की रात एक युवक उसकी पत्नी और दो बच्चों का खून से सना शव घर के अंदर मिला। युवक के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि उन्हें अभी तक पूरा वीडियो नहीं दिखाया गया है। उनका कहना है कि वीडियो देखने के बाद ही वह शिकायत दर्ज कराएंगे।
चारों शव घर के अंदर मिले
मृतकों में बजरंगी गिरी (28), उसकी पत्नी कोमल (25), तीन साल का बेटा बेटा और 10 महीने की एक बच्ची शामिल है। चारों के शव घर के अंदर खून से लथपथ मिले थे। मौके से एक देशी कट्टा और कई खोखे भी बरामद हुए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
बड़े भाई बोले- वीडियो देखने के बाद ही देंगे शिकायत बजरंगी के बड़े भाई मेवा राम गिरी ने बताया कि वो चार भाई हैं। उनके एक भाई ने साल 2023 में मुंबई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली। इसके बाद वे रात की फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे और तड़के गांव पहुंचे। मेवा राम ने बताया कि पुलिस ने मृतक और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन समेत अन्य सामान कब्जे में ले लिया है। उनकी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी पुलिस के पास है। उन्होंने मांग की कि पुलिस मृतक के मोबाइल में मिला वीडियो परिवार को भी दिखाए। उनका कहना है कि वीडियो देखने के बाद ही वह शिकायत करेंगे।
सीसीटीवी फुटेज की जांच की भी उठाई मांग
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले बजरंगी गिरी दद्दन गिरी की दुकान पर गए थे, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। परिवार ने मांग की है कि उन कैमरों की फुटेज भी जांची जाए, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों की सही जानकारी सामने आ सके।
दूसरे भाई का दावा- वीडियो में दो लोगों को ठहराया जिम्मेदार
मृतक के दूसरे बड़े भाई राजेश गिरी ने दावा किया कि उन्हें क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने वीडियो दिखाया है। उनके अनुसार, वीडियो में बजरंगी गिरी ने कहा है कि वह दद्दन गिरी और चंद्रभान गिरी की वजह से आत्महत्या कर रहा है। उसने आरोप लगाया है कि उसके करीब 29 लाख रुपए बकाया हैं, जो दोनों लोग नहीं लौटा रहे थे। वीडियो में यह भी कहा गया है कि उसके पैसों से घर बनाया गया और गाड़ी खरीदी गई, लेकिन रुपए मांगने पर देने से इनकार कर दिया गया। राजेश गिरी ने बताया कि घटना वाले दिन भी बजरंगी संबंधित लोगों से मिलने उनकी दुकान पर गया था। उनका कहना है कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो देखने के बाद ही उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। उनका आरोप है कि लगातार आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण बजरंगी यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ।
वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज, कई पहलुओं की जांच जारी
पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से मिले वीडियो के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, चारों शवों का पोस्टमॉर्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर सदर विधायक पलटूराम और नगर पालिका परिषद के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह भी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
एसपी बोले- सभी सबूतों की हो रही जांच
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटनास्थल से देशी कट्टा, कई खोखे और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। मोबाइल फोन, कथित वीडियो, कॉल डिटेल, आर्थिक लेन-देन, सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों का कहना है कि वीडियो सामने आने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्र की जानकारी मिल पाएगी।







