JHANSI NEWS: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेल संपत्ति की चोरी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार मूल्य की रेल संपत्ति बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज पी.के. गुप्ता के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, झांसी जितेंद्र कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी योगेश कुमार तथा क्राइम विंग की संयुक्त टीम ने नयागांव रोड स्थित सीतापुर वाटिका में संचालित एक कबाड़ की दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान से रेलवे इंजन के अल्टरनेटर रूम में प्रयुक्त होने वाले केबल बरामद किए गए। पूछताछ में कबाड़ दुकान संचालक बरामद रेल सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या स्वामित्व का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार आंकी गई है। आरपीएफ ने इस मामले में धीरज साहू (23 वर्ष), पुत्र बलराम साहू, निवासी नगर, थाना प्रेमनगर, जनपद झांसी को रेल संपत्ति अवैध रूप से कब्जे में रखने के आरोप में गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर इस प्रकरण में तीन अन्य आरोपियों को भी मुकदमे में वांछित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ की टीम लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा है कि रेल संपत्ति की चोरी, अवैध खरीद-फरोख्त और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







