PRAYAGRAJ NEWS: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को भाजपा गंगापार की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने पड़िला स्थित प्राचीन पांडेश्वर नाथ धाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने मंदिर के महंत अखिलेश गिरी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है और गुरु के मार्गदर्शन से ही समाज एवं राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। जिला मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी ने बताया कि पूजा-अर्चना के उपरांत निर्मला पासवान ने मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष महेन्द्र गिरी, देवेन्द्र गिरी, राहुल चौधरी, महेश माली सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता ओर अन्य लोग मौजूद रहे।







