Home उत्तर प्रदेश मूरतगंज को जिले का श्रेष्ठ ब्लॉक बनाने के लिए एकजुट होकर करें...

मूरतगंज को जिले का श्रेष्ठ ब्लॉक बनाने के लिए एकजुट होकर करें कार्य: हिना सिद्दीकी

KAUSHAMBI NEWS: बीआरसी मूरतगंज में सोमवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी की अध्यक्षता में एआरपी व  प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक सह संगोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प व विभागीय प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी ने कहा कि मूरतगंज ब्लॉक को जिले का श्रेष्ठ ब्लॉक बनाने के लिए सभी शिक्षकों को एकजुट होकर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शासन की योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान एआरपी नरेश कुमार, प्रशांत त्रिपाठी ने विद्यालय संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की और उनके समाधान भी सुझाए। बीईओ ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए, बच्चों की डिजिटल उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल एवं एमडीएम पर नियमित दर्ज की जाए, निपुण तालिका अद्यतन रखी जाए तथा टीएलएम आधारित शिक्षण को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही ऑपरेशन कायाकल्प के सभी 19 पैरामीटरों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा एवं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा के अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों के आवेदन भरवाने तथा प्रेरणा डीबीटी से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी व रत्नेश कुमार यादव ने शिक्षकों से आपसी समन्वय, आत्मीयता और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक एकजुट होकर कार्य करेंगे तो मूरतगंज ब्लॉक निश्चित रूप से जिले में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। बैठक में एआरपी व्योमेश मिश्र, शशिकला, रविन्द्र नारायण मिश्र, आलोक कुमार द्विवेदी, राहुल पाण्डेय, दिलीप कुमार, ममता चौरसिया, मारुति नंदन त्रिपाठी सहित विकास खण्ड के बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी नरेश कुमार ने किया।