Home उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति आज करेंगी महिला...

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति आज करेंगी महिला जनसुनवाई

कल हथगाम में लगेगी महिला चौपाल
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति दो दिवसीय दौरे पर फतेहपुर आएंगी। इस दौरान वह महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा, महिला जनसुनवाई, जागरूकता कार्यक्रम तथा महिला चौपाल में प्रतिभाग कर महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी ऋषान्त कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 28 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस (सर्किट हाउस), जीटी रोड फतेहपुर में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, बाल विवाह, कार्यस्थल पर उत्पीड़न सहित महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की जाएगी। आयोग की सदस्या शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर मामलों की समीक्षा करेंगी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देंगी। इसके बाद 29 जुलाई को सुबह 10 बजे संबंधित संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा, महिला कल्याण एवं बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। उसी दिन अपराह्न 3 बजे विकास खंड हथगाम में महिला चौपाल का आयोजन होगा। चौपाल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला हेल्पलाइन, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर जागरूक किया जाएगा। साथ ही महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनपद की महिलाओं से अपील की है कि जिनकी कोई शिकायत या समस्या लंबित है, वे निर्धारित समय पर जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी बात सीधे राज्य महिला आयोग की सदस्या के समक्ष रखें, ताकि उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।