JHANSI NEWS: कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा 56 यूपी बटालियन एनसीसी के नेतृत्व एवं एनसीसी अधिकारी प्रो. (मेजर) सुनील कुमार काबिया के निर्देशन में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की भावना को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना था। प्रतियोगिता में एनसीसी कैडेटों ने कारगिल के अमर शहीदों को समर्पित आकर्षक एवं प्रेरणादायक पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायकों द्वारा किए गए मूल्यांकन में कैडेट राधा करिया ने प्रथम, कैडेट सागर ने द्वितीय तथा कैडेट प्रिंस राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर 56 यूपी बटालियन एनसीसी के हवलदार जगमोहन सिंह ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है तथा युवाओं को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहना चाहिए।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एनसीसी की ओर से हेमंत चंद्रा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेटों में देशभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक सोच का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विजेता कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेटों एवं अधिकारियों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। “जय हिंद” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Home उत्तर प्रदेश कारगिल वीरों को समर्पित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, एनसीसी कैडेटों ने दिखाई रचनात्मक...







