Home उत्तर प्रदेश देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति से गूंजा दीनदयाल सभागार, ‘युवनाद सम्मान’ से विभूतियां...

देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति से गूंजा दीनदयाल सभागार, ‘युवनाद सम्मान’ से विभूतियां सम्मानित

JHANSI NEWS: अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर गुरुवार को दीनदयाल सभागार में अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक समिति, ओरछा के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा, ‘युवनाद सम्मान’ समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति की छटा बिखेरते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर समाज, साहित्य, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न व्यक्तित्वों को ‘युवनाद सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महापौर बिहारी लाल आर्य ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के बलिदान को नमन करते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष से झांसी नगर निगम उनके जन्मोत्सव का भव्य आयोजन करेगा। उन्होंने कहा कि महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक मनोज, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, दुष्यंत चतुर्वेदी, आध्यात्मिक वक्ता यशोदा शंकर, संजीव श्रंगीरिशी, सत्यप्रकाश शर्मा, संजय पटवारी, राशि साहू एवं संजय राष्ट्रवादी सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। समिति के सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक कवि सुमित ओरछा ने सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, कलाकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में झांसी एवं बुंदेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद, समाजसेवी, कलाकार और युवा उपस्थित रहे.