FATEHPUR NEWS: नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को मॉडल बार एसोसिएशन, खागा के अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी खागा के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान में दिए गए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार के विपरीत है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने मांग की कि प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही नीट सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन के माध्यम से पेपर लीक के दोषियों पर कठोर कार्रवाई, छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वालों की पहचान कर दंडित करने, मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने सहित अन्य मांगें रखी गईं। इसके अलावा घायल छात्रों को आर्थिक सहायता देने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा छात्र संगठनों से संवाद करने की मांग भी की गई। इस दौरान मॉडल बार एसोसिएशन, खागा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह एडवोकेट और महामंत्री मलखान सिंह यादव एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।







