FATEHPUR NEWS: व्यापारी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार की अध्यक्षता में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को राज्यकर विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी देते हुए व्यापार को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी व्यापारी राज्यकर विभाग से जुड़कर अपना पंजीयन कराएं, समय से रिटर्न दाखिल करें तथा पंजीयन में अपना ई-मेल और मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सहयोग देश और प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के चेयरमैन किशन मेहरोत्रा ने कहा कि राज्यकर विभाग से पंजीकृत व्यापारी समय-समय पर अधिकारियों से संवाद स्थापित कर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। उन्होंने व्यापारियों से सुझाव एवं शिकायतें विभाग के समक्ष रखने की अपील की, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप उनका त्वरित निस्तारण हो सके। एसोसिएशन की ओर से राज्यकर में पंजीकृत व्यापारियों के लिए 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा एवं पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है, इसलिए उनके सामाजिक सुरक्षा हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री राजेश सोनी, उपाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह, आरडी सिंह, अनुराग दुबे सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।







