Home उत्तर प्रदेश शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा, वार्ड-वार्ड जाकर सुनी जाएंगी...

शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा, वार्ड-वार्ड जाकर सुनी जाएंगी जनता की शिकायतें

पेयजल, सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से करेंगे संवाद
FATEHPUR NEWS: शहर कांग्रेस कमेटी ने नगर क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत शहर के सभी वार्डों में पदयात्रा निकालकर स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान की जानकारी शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद के सभासद मोहम्मद आरिफ गुड्डा ने दी। उन्होंने बताया कि शहर कांग्रेस अब नगर के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर वहां की वास्तविक समस्याओं का जायजा लेगी। पदयात्रा के दौरान पेयजल, सफाई, जल निकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को दर्ज किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों से मिलकर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। मो. आरिफ गुड्डा ने कहा कि उन्हें इस बात का संतोष है कि पिछले लगभग 20 वर्षों से नगर पालिका के सभासद के रूप में उन्होंने अपने वार्ड अहमदगंज में पालिका से जुड़ी समस्याओं को उत्पन्न नहीं होने दिया। इसके साथ ही अन्य वार्डों की समस्याओं को भी समय-समय पर प्रमुखता से उठाते हुए उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अब इसी अनुभव के आधार पर पूरे नगर क्षेत्र में पदयात्रा कर लोगों की समस्याओं को सीधे समझा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को सबसे पहले स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने हाल ही में जिलाधिकारी से मुलाकात कर शहर की पेयजल व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता से अवगत कराया है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले पदयात्रा के दौरान प्रमुख मंदिरों, धार्मिक मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यदि कहीं सफाई या अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिलेगी तो उसे तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि उनके व्यावहारिक समाधान के लिए प्रशासन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाना है। पदयात्रा के माध्यम से प्रत्येक वार्ड की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।