Home उत्तर प्रदेश जंतर-मंतर घटना और नीट पेपर लीक के विरोध में आप ने किया...

जंतर-मंतर घटना और नीट पेपर लीक के विरोध में आप ने किया प्रर्दशन

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) आम आदमी पार्टी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशनरत सोनम वांगचुक के साथ पुलिस दुर्व्यवहार, नीट पेपर लीक प्रकरण तथा युवाओं की मांगों के समर्थन में सिटी क्लब मैदान से जिला मुख्यालय तक ‘न्याय दो’ पदयात्रा निकाली। प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट तथा जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। सभा को संबोधित करते हुए सुनील कुमार पांडे ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना चाहिए। वहीं वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वालों पर पुलिस कार्रवाई उचित नहीं है। जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने कहा कि सोनम वांगचुक युवाओं की मांगों को लेकर अनशन पर बैठे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय आंदोलनकारियों के साथ कठोर व्यवहार किया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए जिला मुख्यालय पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर प्रदर्शन समाप्त कराया। इस अवसर पर रमाशंकर साहू, संतोष कुमार पांडे, मीरा देवी पटेल, मकबूल आलम, रमेश गौड़, आनंद कुमार, नियाजुल्लाह खान सहित आम आदमी पार्टी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।