JHANSI NEWS: नगर निगम झांसी में मंगलवार को महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देशन में भारत सरकार की ‘नमस्ते योजना के अंतर्गत सफाई मित्रों एवं सुरक्षा मित्रों को आयुष्मान भारत कार्ड तथा पीपीई किट वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक से जुड़े कार्यों में लगे कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत और समर्पण से ही नगर स्वच्छ एवं स्वस्थ बना रहता है। इस अवसर पर सभी कर्मियों से पीपीई किट का नियमित उपयोग करने और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। वहीं पीपीई किट के वितरण से सीवर एवं सेप्टिक टैंक से जुड़े कार्यों के दौरान सफाई और सुरक्षा मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में कर्मियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में सहायक होगा। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार, क्षेत्रीय मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, डिवीजनल प्रोग्राम मैनेजर अमित पांडे सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों एवं सुरक्षा मित्रों ने भाग लिया। नगर निगम ने इसे सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।







