Home उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर...

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: 68500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के 9 जुलाई 2026 के आदेश का तत्काल अनुपालन कराए जाने की मांग को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने कहा कि आयोग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अब तक आदेश का पालन नहीं किया गया है। घनश्याम गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपने 9 जुलाई 2026 के आदेश में 68500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने तथा भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोग ने 5 जनवरी 2022 को जारी अपनी पूर्व संस्तुतियों पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग के आदेश के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे पात्र अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि शासन बिना किसी विलंब के आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करे और भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे पिछले कई वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब आयोग द्वारा स्पष्ट आदेश जारी किए जाने के बाद सरकार को तत्काल उसका अनुपालन करना चाहिए। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि आयोग के आदेश का शीघ्र पालन नहीं किया गया तो प्रदेशभर के अभ्यर्थी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का तत्काल अनुपालन करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।