Home उत्तर प्रदेश वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, मानव जीवन के आधार हैं :...

वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, मानव जीवन के आधार हैं : डॉ. उमेश चंद्र

JAUNPUR NEWS: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ मंगलवार की शाम सुइथाकला क्षेत्र के एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय, एसवीडी गुरुकुल विधि महाविद्यालय एवं डीआरसी गुरुकुल पब्लिक स्कूल, दुमदुमा (ऊंचगांव) की ओर से संयुक्त रूप से वन महोत्सव अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक एवं सुइथाकला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने मौलिश्री, कंजी, अमरूद, छितवन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि “वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ऊंचगांव के प्रधान प्रतिनिधि डॉ. राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि “हरियाली ही समृद्धि का आधार है। यदि प्रत्येक नागरिक वृक्षारोपण को जनआंदोलन बना दे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। ग्राम स्तर पर भी अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।” सुइथाकला रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी शोभनाथ यादव ने कहा कि “वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। वन विभाग लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण और संरक्षण के लिए लगातार जागरूक कर रहा है। मौके पर वन दरोगा विजय शंकर सिंह, तेज बहादुर सिंह, हरिश्चंद्र सरोज, महाविद्यालय के प्राचार्य अभिषेक उपाध्याय, डॉ. नीरज मिश्रा, मो. एहतेशाम, अरुण पांडेय रमापति दुबे, संजय पांडेय, उदय नारायण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।