Home उत्तर प्रदेश बढ़नी में दुस्साहस: चाय की दुकान पर बैठे युवक पर चाकू से...

बढ़नी में दुस्साहस: चाय की दुकान पर बैठे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, सिर में गंभीर चोट, मेडिकल कॉलेज रेफर

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के थाना कोतवाली ढेबरुआ अंतर्गत बढ़नी कस्बे में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बढ़नी बस स्टॉप तिराहे पर स्थित विनोद मिष्ठान भंडार के होटल में चाय पी रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला किया गया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। यह वारदात दिनांक 05 जुलाई 2026 को शाम करीब 6:00 बजे की है। कस्बा बढ़नी बस स्टॉप वार्ड नंबर 1 निवासी जियाउर्रहमान पुत्र सलीमुद्दीन विनोद के होटल पर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान ग्राम सेवरा निवासी उस्मान पुत्र अज्ञात ने अचानक पीछे से आकर जियाउर्रहमान पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर उस्मान ने चार दिन पहले भी जियाउर्रहमान को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद आज उसने घात लगाकर इस खूनी वारदात को अंजाम दे डाला। व्यस्ततम बाजार में सरेआम हुई चाकूबाजी की इस घटना से होटल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान जियाउर्रहमान को तुरंत बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रदीप वर्मा ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के मुताबिक, युवक के सिर में काफी गहरी चोट आई है और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल जिला मुख्यालय स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस खूनी संघर्ष के बाद पीड़ित जियाउर्रहमान के भाई अताउर्रहमान ने थाना कोतवाली ढेबरुआ में लिखित तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शाम के वक्त सरेआम हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली ढेबरुआ के प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस ने तुरंत घटना का संज्ञान लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।