MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) आम आदमी पार्टी ने जिले की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रोफेसर बी. सिंह को पुनः जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही पांच विधानसभा अध्यक्ष, 12 ब्लॉक अध्यक्ष, 13 प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा चार नगर अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश तथा काशी प्रांत के प्रदेश अध्यक्ष पवन तिवारी एडवोकेट की स्वीकृति पर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई जिला कार्यकारिणी में तीन वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सात जिला उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक संगठन मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, 11 जिला सचिव, सोशल मीडिया प्रभारी, जिला प्रवक्ता सहित कुल 29 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने मीरजापुर सदर, मझवा, चुनार और मड़िहान विधानसभा अध्यक्षों के साथ जिले के सभी 12 ब्लॉकों में अध्यक्षों की नियुक्ति की है। वहीं मिर्जापुर नगर, चुनार, अहरौरा और कछवा के नगर अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं। इसके अलावा यूथ, महिला, छात्र, किसान, व्यापार, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति-जनजाति, शिक्षक, विधि, सैनिक और ऑटो रिक्शा समेत 13 प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों की भी घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बूथ और ग्रामसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार का कार्य पूरा होने के बाद मिर्जापुर में विशाल बूथ एवं ग्रामसभा पदाधिकारी महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह को आमंत्रित किया जाएगा।







