Home उत्तर प्रदेश यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगाकर कॉलोनीवासियों ने जताया विरोध, ईडब्ल्यूएस...

यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगाकर कॉलोनीवासियों ने जताया विरोध, ईडब्ल्यूएस क्षेत्र से दरबार हटाने की मांग

JHANSI NEWS: जेडीए की पीताम्बरा नगर आवासीय योजना में ईडब्ल्यूएस क्षेत्र में संचालित एक कथित दरबार के विरोध में कॉलोनीवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। पीताम्बरा नगर व पंचवटी कॉलोनी में संतोषी माता दरबार वाली गली के कई परिवारों ने अपने-अपने घरों के बाहर “यह मकान बिकाऊ है” के पोस्टर चिपकाकर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि दरबार से होने वाली भीड़, जाम और अव्यवस्थाओं के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है और अब वे अपने घर छोड़ने तक को मजबूर हैं।
कॉलोनीवासियों ने सदर विधायक को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि ईडब्ल्यूएस आवासीय क्षेत्र में संचालित दरबार को किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थल या मंदिर परिसर में स्थानांतरित कराया जाए। उनका आरोप है कि वर्ष 2006 में विकास प्राधिकरण द्वारा आवंटित प्लॉट संख्या पीई-16 पर मकान निर्माण के बजाय धार्मिक गतिविधियों की आड़ में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जो आवासीय क्षेत्र के नियमों के विपरीत हैं। निवासियों के अनुसार दरबार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बाहरी लोग पहुंचते हैं, जिससे कॉलोनी की संकरी सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। लोगों के घरों के सामने वाहन खड़े होने से आवागमन बाधित रहता है। सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के लगातार उपयोग से बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि दरबार में विभिन्न घरेलू, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान का दावा कर प्रचार-प्रसार किया जाता है, जिसके कारण दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इससे क्षेत्र में भीड़भाड़ और सुरक्षा संबंधी चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। महिलाओं और बच्चों ने भी बाहरी लोगों की आवाजाही के कारण असुरक्षा की भावना व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी मिलती हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती भीड़ के कारण चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि इस संबंध में वे पूर्व में जिलाधिकारी, नगर विधायक, झांसी विकास प्राधिकरण, थाना दिवस और तहसील दिवस में भी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब विरोध स्वरूप घरों पर “यह मकान बिकाऊ है” के पोस्टर लगाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो कॉलोनीवासी आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आवासीय क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सामान्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।