Home उत्तर प्रदेश मऊरानीपुर के खुदरा बाजार को बचाने की मांग, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

मऊरानीपुर के खुदरा बाजार को बचाने की मांग, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

JHANSI NEWS: मऊरानीपुर के व्यापारियों ने स्थानीय खुदरा बाजार को बाहरी व्यापारियों द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनी से होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कमिश्नर, सांसद और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री संजय पटवारी के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर, जिलाधिकारी और सांसद को दिए ज्ञापन में कहा कि मऊरानीपुर में लंबे समय तक प्रदर्शनी के नाम पर बाहरी व्यापारी घटिया एवं चाइनीज सामान बेच रहे हैं, जिससे स्थानीय खुदरा कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां स्थानीय बाजार को चौपट करने की साजिश हैं। व्यापारियों ने बताया कि वर्ष 2024 से पहले भी इस तरह की प्रदर्शनियां लगातार आयोजित होती थीं। विरोध के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि मऊरानीपुर में केवल जल विहार मेले के दौरान ही प्रदर्शनी लगाने की अनुमति दी जाएगी। उनका कहना है कि तीन वर्ष बाद फिर से बाहरी लोगों को प्रदर्शनी की अनुमति दिए जाने से स्थानीय व्यापारियों में रोष है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि स्थानीय व्यापार और छोटे दुकानदारों के हितों की रक्षा के लिए ऐसी प्रदर्शनियों पर रोक लगाई जाए। अधिकारियों ने व्यापारियों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान कमलेश तिवारी, विक्की साहू, शिवम बरसैया, छोटे दुबे, राहुल श्रीवास, आरिफ लाइन, हैप्पी बरसैंया, रबी लावेला सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।