JHANSI NEWS: सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर स्थानीय पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी कथित रूप से एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के साथ मिलकर उसकी दुकान पर कब्जा कराने का प्रयास कर रहे हैं तथा विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिकायती पत्र के अनुसार, खुशीपुरा निवासी आशा सोनकर पिछले कई वर्षों से सदर बाजार क्षेत्र में फास्ट फूड की दुकान संचालित कर रही हैं। उनका आरोप है कि हाल ही में जेल से छूटे एक व्यक्ति ने उनकी दुकान पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया। पीड़िता का कहना है कि संबंधित व्यक्ति के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी दुकान पर पहुंचे और दुकान खाली करने का दबाव बनाया। महिला ने आरोप लगाया कि दुकान खाली न करने पर उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जेल भेजने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई और दुकान पर ताले लगाए जाने जैसी घटनाएं भी हुईं। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी दुकान और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Photo 2







