राष्ट्रीय आयुष मिशन की कार्ययोजना को मिली स्वीकृति, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और आयुष डिस्पेंसरी की होगी स्थापना
JHANSI NEWS: नगर विधायक रवि शर्मा के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। झाँसी में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राष्ट्रीय आयुष मिशन की गवर्निंग बॉडी की बैठक में झाँसी में नए होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, अस्पताल एवं आयुष डिस्पेंसरी की स्थापना संबंधी कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। नगर विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के झाँसी आगमन के दौरान उन्हें पत्र सौंपकर बुंदेलखंड में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता पर बल दिया था। उन्होंने बताया था कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे जनपदों और राज्यों का रुख करना पड़ता है। यदि झाँसी में मेडिकल कॉलेज स्थापित होता है तो हजारों विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा। अपने पत्र में विधायक ने यह भी उल्लेख किया था कि रुद्र बलौरा क्षेत्र में आयुष विभाग द्वारा आवश्यक भूमि का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है, जिससे परियोजना को शीघ्र शुरू करने में सुविधा होगी। उन्होंने इससे पहले भी कई बार मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री से किए गए आग्रह के बाद राष्ट्रीय आयुष मिशन की गवर्निंग बॉडी ने झाँसी में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और आयुष डिस्पेंसरी की स्थापना को स्वीकृति दे दी है। इस निर्णय से झाँसी सहित पूरे बुंदेलखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं आयुष चिकित्सा पद्धति का भी विस्तार होगा। मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही शहर में होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ मानव संसाधन तैयार होगा। इस महत्वपूर्ण निर्णय को झाँसी के विकास, स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नगर विधायक रवि शर्मा ने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना झाँसी और पूरे बुंदेलखंड को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।







