Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सनशाइन क्लब ने किया वीरांगना डॉक्टर्स विंग का...

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सनशाइन क्लब ने किया वीरांगना डॉक्टर्स विंग का सम्मान, बच्चों संग मनाया सेवा और स्वास्थ्य का उत्सव

JHANSI NEWS: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सनशाइन क्लब झांसी ने सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए वीरांगना डॉक्टर्स विंग की चिकित्सकों का सम्मान किया। साथ ही सदर बाजार स्थित मोंटेसरी स्कूल में बच्चों के बीच चिकित्सक दिवस को उत्सव के रूप में मनाते हुए उन्हें साप्ताहिक यूनिफॉर्म एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। सनशाइन क्लब झांसी के तत्वावधान में अध्यक्ष अनूप बिन्दल की अध्यक्षता, संस्थापक डॉ. अशोक अग्रवाल ‘काका’ के सानिध्य तथा लेडीज विंग चेयरपर्सन डॉ. निधि अग्रवाल के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर वीरांगना डॉक्टर्स विंग की चेयरमैन डॉ. अलका सेठी, सचिव डॉ. निधि अग्रवाल, विद्यालय प्रबंधक मोहित मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन अग्रवाल, निवर्तमान अध्यक्ष विनोद अग्रवाल यूको सहित क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर वीरांगना डॉक्टर्स विंग की चेयरमैन डॉ. अलका सेठी, सचिव डॉ. निधि अग्रवाल, डॉ. रेनू ओमर, डॉ. दीपाली गुप्ता, डॉ. कीर्ति सेठ, डॉ. शुचिता राजपूत, डॉ. प्रियंका बुन्देला, डॉ. कंवलप्रीत कौर एवं डॉ. स्वेता प्रधान को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लेडीज विंग चेयरपर्सन डॉ. निधि अग्रवाल ने बच्चों को साप्ताहिक यूनिफॉर्म एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट की, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
वीरांगना डॉक्टर्स विंग की चेयरमैन डॉ. अलका सेठी ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए एनीमिया से बचाव के उपाय बताए तथा संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रियंका बुन्देला और डॉ. रेनू ओमर ने भी बच्चों को प्रेरणादायी संदेश दिए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल, अजय कुमार राय, संजीव अग्रवाल, सचिव कमल निगम एडवोकेट तथा विद्यालय प्रबंधन समिति से सुरभि, मुस्कान एवं निधि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निधि अग्रवाल ने किया, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्या सिमरन ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।