NEW DELHI NEWS: भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की प्रख्यात कलाकार, कोरियोग्राफर एवं सांस्कृतिक आयोजक डॉ. शगुफ्ता खान को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक भव्य समारोह में “ग्लोबल आइकॉनिक वूमन – बेस्ट कथक आर्टिस्ट ऑफ द ईयर” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारतीय संस्कृति एवं कथक नृत्य के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। समारोह में यह सम्मान भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश यादव तथा दिल्ली भाजपा नेता, भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत ई-रिक्शा समिति के चेयरमैन अनुज शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। डॉ. शगुफ्ता खान पिछले कई वर्षों से कथक नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को देश-विदेश तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा स्थापित शगुफ्ता कथक नृत्य कला समिति तथा झंकार नेशनल एंड इंटरनेशनल डांस कल्चरल फेस्टिवल के माध्यम से अनेक युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी प्राप्त हुई है। सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. शगुफ्ता खान ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कला और कथक के प्रति उनके समर्पण का सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुओं, विद्यार्थियों, परिवारजनों एवं सभी शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उनका सहयोग और विश्वास ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी शक्ति है। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने डॉ. शगुफ्ता खान के कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान युवा कलाकारों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है कि समर्पण, साधना और निरंतर प्रयास से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। डॉ. शगुफ्ता खान ने कहा, “कला केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है।”







