Home उत्तर प्रदेश टप्पेबाजी से सहमा बढ़नी: युवाओं ने संदिग्ध बोलेरो रोक महिलाओं के आभूषण...

टप्पेबाजी से सहमा बढ़नी: युवाओं ने संदिग्ध बोलेरो रोक महिलाओं के आभूषण स्नैचिंग गिरोह को दबोचा, पुलिस जांच में जुटी

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़नी नगर के तिरंगा तिराहा पर मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब दुधवनिया बुजुर्ग गांव एवं आसपास के दर्जनों युवाओं ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोक लिया। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि इस वाहन में सवार आधा दर्जन महिलाएं और चालक एक संगठित गिरोह के रूप में सक्रिय हैं। यह गिरोह गांवों में नहीं, बल्कि मुख्य सड़कों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ई-रिक्शा स्टैंडों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर राहगीरों को अपना निशाना बनाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गिरोह पर शक तब गहराया जब बीते कुछ दिनों पहले दुधवानिया बुजुर्ग गांव के पास एनएच-730 पर अज्ञात महिलाओं द्वारा एक ई-रिक्शा को हाथ देकर रुकवाया गया था। उस ई-रिक्शे में पहले से बैठी दुधवनिया बुजुर्ग निवासी एक महिला के गले से सोने की चेन स्नैच कर ली गई थी। मंगलवार को जब क्षेत्र के युवाओं ने फिर से उसी बोलेरो से कुछ संदिग्ध महिलाओं को उतरते देखा, तो उनका शक यकीन में बदल गया। युवाओं ने तुरंत बोलेरो का पीछा किया और दौड़ाकर नगर पंचायत बढ़नी बाजार के तिरंगा तिराहे पर वाहन को रोक लिया। हालांकि, बोलेरो से जो महिलाएं पहले उतर चुकी थीं, उनका सुराग नहीं मिल सका, लेकिन वाहन में सवार अन्य महिलाओं और चालक को युवाओं ने पकड़कर ढेबरुआ पुलिस के हवाले कर दिया। यह महिलाएं मुख्य रूप से ई-रिक्शा, बाजारों और भीड़ का फायदा उठाकर भोली-भाली महिलाओं को अपना निशाना बनाती हैं और पलक झपकते ही उनके सोने-चांदी के आभूषण, चेन, हार व झुमकी उड़ाकर फरार हो जाती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बढ़नी और आसपास के क्षेत्रों में करीब आधा दर्जन पीड़ित महिलाओं के साथ इस गिरोह ने टप्पेबाजी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन सहित उसमें सवार सभी संदिग्ध महिलाओं व चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इस मामले में खास बात यह रही कि विगत दिनों क्षेत्र में हुई आभूषण चोरी की घटनाओं से पीड़ित कई महिलाओं ने थाने पहुंचकर पकड़ी गई आरोपी महिलाओं की शिनाख्त भी की है। पीड़ितों का दावा है कि ये वही महिलाएं हैं जो अक्सर ई-रिक्शा और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर देखी जाती रही हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस टीम पकड़े गए संदिग्धों से गहन पूछताछ में जुटी हुई थी, लेकिन अभी तक उनके पास से चोरी गए आभूषणों या किसी माल की बरामदगी नहीं हो सकी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। ढेबरुआ थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों के आरोपों और पीड़ित महिलाओं द्वारा की गई पहचान के आधार पर पकड़ी गई महिलाओं व बोलेरो चालक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरी जांच और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।