Home उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल देवीगंज की मासिक बैठक में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे, अधिकारियों...

व्यापार मंडल देवीगंज की मासिक बैठक में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे, अधिकारियों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी

सार्वजनिक शौचालय निर्माण में देरी पर व्यापारियों का रोष, अगली बैठक में अधिकारियों को बुलाने की मांग
KAUSHAMBI NEWS: व्यापार मंडल देवीगंज की मासिक बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष रागनी केशरवानी की अध्यक्षता में नगर पंचायत सभागार में संपन्न हुई। बैठक में नगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने खुलकर अपनी बात रखी और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त किया। साथ ही लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए अगली बैठक में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष नीरज कुमार साहू ने कहा कि नगर में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का टेंडर हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों एवं बाहर से आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन बिजली से जुड़ी समस्याएं बनी रहती हैं, लेकिन उनका समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने यह भी कहा कि बैठक में न तो विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) उपस्थित हुए और न ही थाना प्रभारी। ऐसे में अगली बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से बुलाया जाए, ताकि समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जा सके। संगठन महामंत्री उमेश पटेल ने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा पूर्व की बैठकों में उठाई गई समस्याओं पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल आगे की रणनीति बनाने को बाध्य होगा।
बैठक में नगर की टूटी नालियों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, पीडब्ल्यूडी मार्गों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नियमित फॉगिंग, साफ-सफाई, अतिक्रमण, आवारा पशुओं की समस्या तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
नगर पंचायत अध्यक्ष रागनी केशरवानी ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। बैठक में नगर पंचायत के बाबू शिवम मौर्य, अरुण केशरवानी, अनूप पांडेय, प्रदीप साहू, ऋषि नंदन साहू, अंकित साहू, श्यामू अग्रहरि, ब्रजेश गौतम सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।