Home उत्तर प्रदेश लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम आय की गारंटी की मांग, कोटेदारों ने मुख्यमंत्री...

लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम आय की गारंटी की मांग, कोटेदारों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

अगस्त 2026 के खाद्यान्न वितरण के बहिष्कार की चेतावनी, 28 जुलाई को विधानसभा मार्च का ऐलान
FATEHPUR NEWS: ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के बैनर तले मंगलवार को जिले के कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर उचित दर विक्रेताओं के खाद्यान्न एवं चीनी वितरण पर मिलने वाले लाभांश में वृद्धि तथा न्यूनतम आय (मिनिमम इनकम गारंटी) सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष निर्मोही उमेश त्रिवेदी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेता शासन के निर्देशानुसार नियमित रूप से राशन वितरण का कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें मात्र 90 रुपये प्रति कुंतल का लाभांश मिलता है, जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहद कम है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हरियाणा और दिल्ली में 200 रुपये प्रति कुंतल, गोवा में 230 रुपये प्रति कुंतल तथा गुजरात में कोटेदारों को न्यूनतम आय की व्यवस्था उपलब्ध है। संगठन का कहना है कि वर्तमान लाभांश बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इससे कोटेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और अपने परिवार की आवश्यक जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांग किए जाने के बावजूद शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कोटेदारों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही लाभांश बढ़ाने एवं न्यूनतम आय की गारंटी पर निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के लगभग 80 हजार कोटेदार अगस्त 2026 के खाद्यान्न वितरण का बहिष्कार करेंगे तथा वितरण संबंधी सभी कार्यों से स्वयं को अलग रखेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय के कारण आम जनता को होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी विभाग एवं शासन की होगी। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कोटेदारों के सम्मानजनक जीवन-यापन के लिए न्यूनतम आय की गारंटी सुनिश्चित करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि प्रस्तावित आंदोलन और खाद्यान्न वितरण बहिष्कार जैसी स्थिति से बचा जा सके। इसके साथ ही संगठन ने 28 जुलाई को लखनऊ स्थित चारबाग के रविंद्रालय के सामने विधानसभा मार्च एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सूचना जिला पूर्ति अधिकारी को भी दी है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष निर्मोही उमेश त्रिवेदी, गरीब दास, श्याम सिंह, मनोज कुमार, मानवेंद्र सिंह, हरि मिलन सिंह, नारायण त्रिवेदी, विजय प्रताप सिंह, नरेंद्र पांडेय, अनुराग द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।