FATEHPUR NEWS: जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, धोखाधड़ी, कब्जा, साइबर अपराध समेत अन्य मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा और यदि किसी मामले में अतिरिक्त जांच की आवश्यकता होगी तो उसे भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना, शिकायतों का शीघ्र समाधान करना तथा कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा कायम रखना है।
Home उत्तर प्रदेश पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध...







