भामाशाह जयंती पर पडरौना में जुटे व्यापारी, जीएसटी-अतिक्रमण से लेकर ऑनलाइन कारोबार तक की उठाई समस्या
KUSHINAGAR NEWS: समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आज दानवीर भामाशाह की जयंती पर रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पडरौना में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ मनाया गया। सपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हुई समीक्षा बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी की विसंगतियों, ऑनलाइन व्यापार से हो रहे नुकसान और प्रशासनिक उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर जमकर आवाज उठाई। सपा नेताओं ने व्यापारियों के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष का भरोसा दिया।
भामाशाह को किया नमन, बताया प्रेरणा
कार्यक्रम की शुरुआत दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। वक्ताओं ने कहा कि भामाशाह ने महाराणा प्रताप की मदद के लिए अपनी पूरी संपत्ति दान कर दी थी। उनका त्याग आज भी व्यापारी समाज को राष्ट्रहित में योगदान की प्रेरणा देता है।
इन मुद्दों पर छलका व्यापारियों का दर्द
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि छोटे-मझोले कारोबारी दोहरी मार झेल रहे हैं। जीएसटी की जटिल प्रक्रिया, ऑनलाइन कंपनियों से प्रतिस्पर्धा, बिजली कटौती, सड़क-अतिक्रमण और सुरक्षा की कमी से व्यापार चौपट हो रहा है। कई व्यापारियों ने प्रशासनिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया।
2012 वाली सपा सरकार ने किया था काम
सपा नेता रवि मदेशिया ने कहा कि 2012 की समाजवादी सरकार में व्यापारियों के लिए कई योजनाएं चलीं। सपा हमेशा व्यापारियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने भरोसा दिया कि पार्टी व्यापारियों की हर समस्या को शासन तक पहुंचाएगी और समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष करेगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिलाध्यक्ष विनय उमर, पूर्व विधायक राधेश्याम सिंह, जिला महासचिव रेवती रमन, जिला उपाध्यक्ष व रवि मदेशिया मौजूद रहे। संचालन व्यापार सभा के जिला महासचिव रवि कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर विजय जायसवाल, विजय यादव, अकबर अंसारी, अवधेश राय, हीरा प्रसाद, निजामुद्दीन, अनिल यादव समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और सपा कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट संघर्ष का संकल्प लिया गया।







