Home उत्तर प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में 101 क्षय रोगियों को पोषण पोटली का...

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में 101 क्षय रोगियों को पोषण पोटली का वितरण

जनप्रतिनिधियों एवं जनसहयोग से टीबी मुक्त अभियान को मिली नई गति
BHADOHI NEWS: राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में आयोजित कार्यक्रम में 101 क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व विधायक रवीन्द्र नाथ त्रिपाठी, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से टीबी रोगियों को पोषण पोटली प्रदान कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि जनपदवासियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निक्षय मित्रों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के सक्रिय सहयोग से अब तक 2,200 से अधिक पोषण पोटलियों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इसी जनसहयोग, सहभागिता और स्वास्थ्य विभाग के समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद ने इस अभियान में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 1,440 टीबी रोगियों का उपचार चल रहा है। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बलगम की नियमित जांच के माध्यम से रोगियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक पात्र रोगी को भारत सरकार द्वारा प्रतिमाह ₹1,000 की पोषण सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि टीबी एक पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। यदि रोगी समय पर जांच कराकर चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार नियमित रूप से दवाओं का सेवन करे, तो वह पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने बताया कि वर्ष में तीन बार संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के दौरान संभावित टीबी रोगियों का चिन्हीकरण कर उनकी जांच एवं उपचार भी सुनिश्चित कराया जाता है। जिलाधिकारी ने टीबी रोगियों से प्रोटीन एवं पौष्टिक आहार का अधिकाधिक सेवन करने तथा उपचार बीच में न छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता का एक व्यापक जनआंदोलन है। सभी के सहयोग से ही टीबी मुक्त जनपद एवं टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, निक्षय मित्रों, समाजसेवियों एवं जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि टीबी रोगियों के पोषण एवं उपचार में समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से निक्षय मित्र बनकर इस मानवीय अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। पूर्व विधायक रवीन्द्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच, नियमित उपचार एवं संतुलित पोषण से इस बीमारी को पूर्णतः समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की अपील की। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि टीबी रोगियों का मनोबल बढ़ाना, उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना तथा उन्हें समाज का सहयोग उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही टीबी मुक्त समाज का सपना साकार होगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष चक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, निक्षय मित्र, आशा कार्यकर्ति्रयाँ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।